मध्य प्रदेशभोपाल

अमरनाथ यात्रा को लेकर असमंजस, भोपाल में एक हजार श्रद्धालुओं के हुए पंजीयन

कोरोना के कारण अमरनाथ यात्रा पर असमंजस बना हुआ है। शहर के लोग इंतजार कर रहे हैं कि तय तिथि 28 जून से प्रस्तावित 56 दिन की अमरनाथ यात्रा होगी या नहीं।

दरअसल, अमरनाथ यात्रा श्राइन बोर्ड ने अभी स्पष्ट नहीं किया है। बीते 22 अप्रैल से ऑनलाइन व बैंकों के माध्यम से होने वाले पंजीयन भी बंद हैं। ऐसे में यात्रा को लेकर लोग असमंजस में हैं। लोगों को अमरनाथ यात्रा पर भेजने व व्यवस्था कराने वाले शहर के ओम शिव सेवा मंडल के अध्यक्ष रिंकू भटेजा ने बताया कि 28 जून आने को है और अब तक श्राइन बोर्ड में स्पष्ट नहीं किया है कि तय समय में अमरनाथ यात्रा होगी या नहीं! अगर होगी तो किस मार्ग से होगी। कुल 56 दिनों की यात्रा होगी या फिर दिन कम किए जाएंगे। श्राइन बोर्ड को अमरनाथ यात्रा कम दिनों की करने के लिए पत्र लिख चुके हैं, लेकिन अभी तक यात्रा को लेकर अंतिम फैसला नहीं लिया गया है। ऐसे लोग जिनके बैंक व ऑनलाइन पंजीयन हो चुके हैं, वो ट्रेन में आरक्षण करा चुके हैं और जिनके पंजीयन नहीं हुए हैं, वो 22 अप्रैल से अब तक पंजीयन कराने का इंतजार कर रहे हैं। श्राइन बोर्ड जल्द अमरनाथ यात्रा को लेकर स्थिति स्पष्ट करें, इससे लोग अमरनाथ यात्रा को लेकर अपनी तैयारियां शुरू कर सकें। यात्रा को लेकर बना असमंजस जल्द दूर हो।

Related Articles