हर घर तिरंगा – हर घर स्वच्छता स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग जिला निवाड़ी में अभियान के अंतर्गत छात्र-छात्राओं ने सैनिकों को लिखा भावनात्मक पत्र
निवाड़ी से महेश चन्द्र केवट की रिपोर्ट
हर घर तिरंगा – हर घर स्वच्छता स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग
जिला निवाड़ी में अभियान के अंतर्गत छात्र-छात्राओं ने सैनिकों को लिखा भावनात्मक पत्र
— निवाड़ी
“हर घर तिरंगा – हर घर स्वच्छता: स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग” अभियान के प्रथम चरण के अंतर्गत आज जिले के समस्त प्राथमिक, माध्यमिक, हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों में विद्यार्थियों द्वारा दो महत्वपूर्ण गतिविधियों का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
इन गतिविधियों में देश की रक्षा में तैनात सैन्य बलों एवं पुलिस कर्मियों के नाम पत्र लेखन, तथा ‘हर घर तिरंगा’ थीम पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता प्रमुख रहीं।
विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने अत्यंत भावनात्मक एवं प्रेरणादायक शब्दों में सैनिकों को पत्र लिखकर उनके त्याग, समर्पण एवं देशभक्ति के प्रति कृतज्ञता प्रकट की। इन पत्रों में बच्चों ने न केवल वीरता की प्रशंसा की, बल्कि स्वच्छता और तिरंगे के सम्मान जैसे राष्ट्रीय कर्तव्यों के प्रति भी अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
- इसी क्रम में ‘हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता’ विषय पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों में देशभक्ति और जागरूकता का उत्साह भर दिया। बड़ी संख्या में बच्चों ने इसमें भाग लिया और राष्ट्रीय प्रतीकों, स्वतंत्रता संग्राम, स्वच्छता अभियान आदि से जुड़े प्रश्नों के उत्तर दिए।

सभी शालाओं द्वारा इन गतिविधियों की फोटोग्राफ्स जिला स्तर पर बनाए गए ग्रुप में अपलोड की गईं, जिससे स्पष्ट होता है कि पूरा जिला इस अभियान को लेकर अत्यंत उत्साहित और सक्रिय है।
जिला शिक्षा अधिकारी निवाड़ी के निर्देशन में चल रहे इस अभियान का उद्देश्य बच्चों में देशभक्ति, स्वच्छता के प्रति जागरूकता एवं राष्ट्रीय भावना को प्रबल करना है। आगे आने वाले दिनों में इस अभियान की अन्य चरणबद्ध गतिविधियों का भी संचालन किया जाएगा।
